एक गिलास ठंडा पानी पीकर अपना क्रोध शाँत करने की विद्या बड़ी उत्तम है। क्रोध आये तो आप कुछ देर के लिये उस स्थान से हट जाइये किसी शीतल बगीचे में घूम आइये। एक अत्यन्त सरल उपाय यह भी है कि अपने किसी प्रियजन के पास बैठकर थोड़ी देर स्नेहपूर्ण बात करके उसकी सहानुभूति प्राप्त करने का प्रयत्न कीजिए।
क्रोध का एक कारण असात्विक आहार भी होता है। “जैसा खाये अन्न वैसा बने मन” की कहावत सर्व विदित है। अधिक तीखा, कडुआ, कसैला, बासी-बुसा भोजन मानसिक विकार पैदा करता है। मिर्च-मसाले तथा खटाई खाने वाले अधिकाँश व्यक्ति क्रोधी और चिड़चिड़े स्वभाव के होते हैं। इसलिये जो भी आहार हम ग्रहण करें, उसमें सात्विकता का पूर्ण ध्यान बनाये रखें। भोजन करते समय बड़ी प्रसन्नता होनी चाहिये। परमात्मा का प्रसाद मान कर आहार ग्रहण करने से जैसा भी रूखा-सूखा आहार हो, वही अतीव संस्कारवान और पुष्टिदायक बन जाता है। कुढ़ते हुये भोजन करना एक बहुत बड़ा दुर्गुण है। इससे आहार का सात्विक लक्ष्य पूरा नहीं होता। वह चाहे कितना ही पुष्टि-दायक क्यों न हो, जीवन-तत्व प्राप्त न होगा।
कदाचित आपको क्रोध आता ही है तो एक और प्रयोग कीजिये। जैसे ही क्रोध आये, चुपचाप अपने कमरे में चले जाइये और एक स्वच्छ-सा शीशा लेकर उसमें अपनी आकृति देखिये। अनुभव कीजिये कि क्रोध के कारण आपका मुँह तमतमा उठा था, सो बड़ी शिथिलता आ गई। सारा सौंदर्य चला गया है। मुँह फीका पड़ गया है। अब थोड़ा जल लेकर साबुन से मुँह धो कर तौलिये से मुँह साफ कर लीजिये और फिर शीशे के सामने खड़े होइये। देखिए, आपने अपनी सुन्दरता फिर से प्राप्त करली है। अब जरा-सा मुस्कराइए। आपको प्रसन्नता मिलेगी। दुबारा जब कभी कोई घटना घटेगी तो आपको आज के सौंदर्य में जो कमी दिखाई दी थी, वह एकदम से याद आ जायेगी और आप क्रोध करने से बच जायेंगे।
मीठे शब्दों में वह शक्ति होती है जो बड़े अड़ियल तथा तीखे स्वभाव के व्यक्तियों को भी नम्र बनाती है। प्यार और पुचकार कर बात करने से क्रोधी व्यक्तियों के हृदय की कोमलता जागृत होती है। कुछ दिन उन्हें यह संस्पर्श निरन्तर मिलता रहे तो क्रोध से बचे रहने का उनका भी अभ्यास हो जाता है।
✍️ परम पूज्य गुरुदेव पं श्रीराम शर्मा आचार्य
📖 अखण्ड ज्योति फरवरी 1965+
Shantikunj Haridwar के Official YouTube Channel को Subscribe करके Bell 🔔 बटन को जरूर दबाएं और अपडेट रहें।
👉 Official WhatsApp चैनल awgpofficial Channel को फॉलो जरूर करें।
Please 👍 Like | 🔄 Share | 🔔 Subscribe
