सोमवार, 12 अप्रैल 2021

👉 भक्तिगाथा (भाग २)

👉 देवर्षि नारद का आह्वान

हिमालय अपने अन्तस् की समूची दिव्यता का वैभव बिखेरने के लिए आज संकल्पित था। जिस पवित्रता, शान्ति एवं सघन आध्यात्मिकता के लिए उसे जाना जाता है। इन क्षणों में वह सब कुछ यहाँ साकार हो रहा था। हिमाच्छादित उत्तुंग शुभ्र धवल शिखर आज वसुधा पर स्वर्गीय भावनाओं के शुभ संदेश के अवतरण का माध्यम बन रहे थे। निरभ्र आकाश के विस्तार में चन्द्रदेव अपनी सम्पूर्ण प्रभा के साथ उदित हो चुके थे। उनकी अमृतवर्षिणी चान्दनी हिमालय के इस दिव्य परिसर की दिव्यता को और भी शतगुणित कर रही थी। चारों ओर हिमशिखरों से घिरी यह घाटी सब भाँति न केवल अद्भुत, बल्कि अगोचर थी।

यहाँ तक पहुँच पाना उनके लिए भी असम्भव है जो पर्वतीय यात्राओं एवं पर्वतारोहण के लिए विशेषज्ञ माने जाते हैं। अपनी दुष्कर पर्वतीय यात्राओं एवं महाकठिन पर्वतारोहण से हिमालय के जिस परिचय का लोग बखान करते हैं; वह तो बस उसके विशाल-व्यापक कलेवर का परिचय है लेकिन काया का परिचय आत्मा का परिचय नहीं है। हिमालय की आत्मा का परिचय तो उन्हें ही मिलता है, जिस पर देवों एवं ऋषियों की कृपा होती है।
    
हिमालय में जलधाराओं के अनेको स्रोत हैं। गंगा, यमुना जैसी महानदियों की पावनता भी इन्हीं पर्वतराज की गोद में खेलकर पल्लवित होती है लेकिन इन सभी जलधाराओं के अतिरिक्त एक अन्य महाधारा का स्रोत हिमालय है। यह महाधारा तप की है, जिसका पावन उद्गम हिमालय की आत्मा है। जिसके सम्मोहक सौन्दर्य के सामने यहाँ का समस्त प्राकृतिक सौन्दर्य फीका है। इस रहस्य को यहाँ निवास करने वाली महाविभूतियों की कृपा के बिना समझा नहीं जा सकता है। इस अतुलनीय सौन्दर्य की एक झलक भी जिन्होंने अपने स्वप्न अथवा समाधि में पायी है, वे इन पंक्तियों के मर्म का स्पर्श सम्भवतः कर सकते हैं। इस शुभ घड़ी में हिमालय का वही अतुलनीय सौन्दर्य साकार हो रहा था। देवों एवं ऋषियों के मिलन के इस दिव्य केन्द्र में आज अलौकिक जागृति थी।
    
युगों-युगों से महातप में संलग्न दिव्य आत्माएँ एकत्र हो रही थीं। दिव्य देहधारी कतिपय विशिष्ट देवगण यहाँ आये हुए थे। महः जनः तपः लोकों के प्रतिनिधि महर्षियों की दिव्यता भी यहाँ आलोकित थी। धरती के महान तपस्वियों का भी हिमालय की आत्मा ने आह्वान किया था, सो वे भी उपस्थित थे। जिनकी गाथाएँ वेदों, पुराणों एवं संसार के विभिन्न धर्मगं्रथों में कही-सुनी जाती हैं, उन सभी का सारभूत तत्त्व यहाँ सघन हो रहा था। हिमालय की शुभ्रता एवं चन्द्रदेव की चाँदनी की धवलता, इन सबके तप की महाप्रभा से मिलकर समूचे वातावरण को ज्योतित कर रही थी।

.... क्रमशः जारी
✍🏻 डॉ. प्रणव पण्ड्या
📖 भक्तिगाथा नारद भक्तिसूत्र का कथा भाष्य पृष्ठ ९

👉 तत्व दृष्टि से बन्धन मुक्ति (भाग २)

👉 प्रत्यक्ष लगने पर भी सत्य कहां

आंखों का काम मुख्यतया प्रकाश के आधार पर वस्तुओं का स्वरूप समझना है। पर देखा जाता है कि उनकी आधी से ज्यादा जानकारी अवास्तविक होती है। कुछ उदाहरण देखिए। कारखानों की चिमनियों से धुओं निकलता रहता है। गौर करके उसका रंग देखिए वह अन्तर कई तरह का दिखाई देता रहता है। जब चिमनी की जड़ में पेड़, मकान आदि अप्रकाशित वस्तुएं हों तो धुआं काला दिखाई देगा पर यदि नीचे सूर्य का प्रकाश चमक रहा होगा तो वही धुआं भूरे रंग का दीखने लगेगा। लकड़ी, कोयला अथवा तेल जलने पर प्रकाश के प्रभाव से यह धुआं पीलापन लिये हुए दीखता है। वस्तुतः धुंए का कोई रंग नहीं होता। वह कार्बन की सूक्ष्म कणिकाओं अथवा तारकोल सदृश्य द्रव पदार्थों की बूंदों से बना होता है। इन से टकरा कर प्रकाश लौट जाता है और वे अंधेरी काले रंग की प्रतीत होती हैं।

रेल के इंजन में वायलर की निकास नली से निकलने वाली भाप निकलते समय तो नीली होती है पर थोड़ा ऊपर उठते ही संघतित हो जाने पर भाप के कणों का आकार बढ़ जाता है और वह श्वेत दिखाई देने लगती है।

जिन फैक्ट्रियों में घटिया कोयला जलता है उनका धुआं गहरा काला होता है और यदि उसमें से आर पार सूर्य को देखा जाय तो सूर्य गहरे लाल रंग का दिखाई देगा।


पानी के भीतर अगणित जीव-जन्तु विद्यमान रहते हैं पर खुली आंखों से उन्हें देख सकना संभव नहीं, माइक्रोस्कोप की सहायता से ही उन्हें देखा जा सकता है। आकाश में जितने तारे खुली आंखों से दिखाई पड़ते हैं उतने ही नहीं हैं। देखने की क्षमता से आगे भी अगणित तारे हैं जो विद्यमान रहते हुए भी आंखों के लिए अदृश्य ही हैं बढ़िया दूरबीनों से उन्हें देखा जाय तो दृश्य तारागणों की अपेक्षा लगभग दस गुने अदृश्य तारे दृष्टिगोचर होंगे।

परमाणु अणु की सत्ता को दूर सूक्ष्म दर्शक यन्त्रों से भी उसके यथार्थ रूप में देख सकना अभी भी सम्भव नहीं है। उसके अधिक स्थूल कलेवर की गणित के अध्यात्म पर विवेचना करके परमाणु और उसके अंग प्रत्यंगों का स्वरूप निर्धारण किया गया है। अणु संरचना के स्पष्टीकरण में जितनी सहायता उपकरणों ने की है उससे कहीं अधिक निष्कर्ष अनुमान पर निर्धारित गणित परक आधार पर निकाला जाना सम्भव हुआ है।

.... क्रमशः जारी
✍🏻 पं श्रीराम शर्मा आचार्य
📖 तत्व दृष्टि से बन्धन मुक्ति पृष्ठ ४

👉 महिमा गुणों की ही है

🔷 असुरों को जिताने का श्रेय उनकी दुष्टता या पाप-वृति को नहीं मिल सकता। उसने तो अन्तत: उन्हें विनाश के गर्त में ही गिराया और निन्दा के न...